गौरेला थाना क्षेत्र में पिछले 12 घंटों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत

Chhattisgarh Crimesगौरेला थाना क्षेत्र में पिछले 12 घंटों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार हुई इन दुर्घटनाओं से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पहली घटना अंधियारखोर गांव में हुई, जहां एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय दीपेंद्र यादव (18) ट्रैक्टर पर सवार था। ट्रैक्टर पलटने के बाद वह उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।

शादी से लौट रहे युवक को ट्रेलर ने कुचला

दूसरी घटना करिआम घाट के पास हुई। कोटमी खुर्द निवासी अमित पैकरा (24) अपने दोस्तों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहा था। रास्ते में उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और लघुशंका के लिए रुक गए।

इसी दौरान घाट की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक और अमित को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

गौरेला पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही संबंधित वाहनों और चालकों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version