जानकारी के मुताबिक, निखिल सेक्टर-6 स्थित साईं महाविद्यालय में बीएससी बायो की पढ़ाई कर रहा था। वह करीब एक साल से भिलाई नगर स्टेशन के पास स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रह रहा था। छात्रावास में सामान्य तौर पर एक कमरे में दो छात्रों को रखा जाता है, लेकिन दूसरे छात्र के नहीं होने की वजह से निखिल अकेले कमरे में रह रहा था।
बताया गया कि रविवार सुबह काफी देर तक निखिल अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। इसके बाद छात्रावास में रहने वाले छात्रों को शक हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी क्षत्रिय कल्याण सभा के पदाधिकारियों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया।
फंदे पर लटकी मिली लाश
दरवाजा खुलने पर निखिल की लाश कमरे के अंदर पंखे से फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी परिजनों को भी दे दी गई।
भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, घटना वाली रात छात्रावास में रहने वाले कुछ छात्रों ने निखिल से कहा था कि, वे उसके साथ कमरे में रुक जाएंगे, लेकिन उसने मना कर दिया था। उसने कहा था कि वह अकेले रहना चाहता है।
पहली नजर में मामला फांसी लगाकर खुदकुशी का लग रहा है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।