सेंदूर नदी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते 6 वाहन जब्त, वाहन स्वामियों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

Chhattisgarh Crimesप्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बलरामपुर जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 6 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार ग्राम मितगई एवं पिपरौल स्थित सेंदूर नदी क्षेत्र में की गई।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार निरीक्षण अभियान के दौरान ग्राम मितगई से 4 तथा ग्राम पिपरौल से 2 वाहन अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए। खनिज अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 6 वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों को पुलिस चौकी विजयनगर एवं तातापानी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।

खनिज अधिकारी श्री राहुल गुलाटी ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के स्वामियों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निरीक्षण, जांच और प्रवर्तन अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कहीं भी अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण अथवा परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा राजस्व क्षति रोकने के उद्देश्य से अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर और सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Exit mobile version