रायगढ़ जिले में इस महीने हितग्राहियों को 2 महीने का चावल और शक्कर एक साथ वितरित किया जाना

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में इस महीने हितग्राहियों को 2 महीने का चावल और शक्कर एक साथ वितरित किया जाना है। राशन लेने के लिए हितग्राही उचित मूल्य की दुकानों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन सप्ताहभर बीतने के बाद भी उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा है। ई-पॉस मशीन में चावल और शक्कर का स्टॉक प्रदर्शित नहीं होने से वितरण प्रभावित है।

जिले में 620 और रायगढ़ शहर में 64 उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं। हर महीने की पहली तारीख से ही हितग्राही राशन लेने पहुंचने लगते हैं। इस बार शासन के निर्देश पर दो महीने का राशन देने की तैयारी थी, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण व्यवस्था अटक गई है।

ई-पॉस मशीन में स्टॉक नहीं दिख रहा

राशन दुकानदारों के मुताबिक, ई-पॉस मशीन में चावल और शक्कर का स्टॉक सही तरीके से प्रदर्शित नहीं हो रहा है। मशीन में स्टॉक नहीं दिखने के कारण हितग्राहियों का ऑनलाइन सत्यापन और राशन वितरण नहीं हो पा रहा है। इससे रोजाना दुकान पहुंचने वाले लोगों को बिना राशन लिए लौटना पड़ रहा है।

सर्वर और सॉफ्टवेयर की समस्या से परेशानी

दुकानदारों का कहना है कि, सर्वर और सॉफ्टवेयर में तकनीकी दिक्कत के कारण करीब सप्ताहभर से राशन वितरण शुरू नहीं हो सका है। हितग्राही लगातार दुकानों पर पहुंचकर राशन मिलने की जानकारी ले रहे हैं।

अधिकारियों को दी गई जानकारी

राशन दुकान संचालक प्रशांत सिंह ने बताया कि ई-पॉस मशीन के सर्वर में तकनीकी समस्या की जानकारी अधिकारियों को दी जा चुकी है। इस महीने दो माह का राशन वितरण करने का आदेश है, लेकिन तकनीकी दिक्कत के कारण अब तक वितरण शुरू नहीं हो पाया है।

स्मार्ट पीडीएस लागू होने से आ रही दिक्कत

सहायक खाद्य अधिकारी अंजनी राव ने बताया कि इस महीने से स्मार्ट पीडीएस लागू होना है। राशन दुकानों में तकनीकी समस्या की जानकारी मिलने के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। सॉफ्टवेयर में आई समस्या को जल्द दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version