
सुबह तालाब के पास पहुंचे लोगों ने पानी में शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पास में मिली मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। मृतक की पहचान लिटियाखार निवासी संजय कुमार श्याम के रूप में हुई है। वह वर्तमान में हरदीबाजार में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक, संजय ने अपनी पत्नी को प्रसव के लिए पाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने बड़े ऑपरेशन की बात कही थी, जिसके चलते वह आर्थिक और मानसिक तनाव में था। हालांकि, प्रसव के दौरान उसकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया था। परिवार में खुशियां थीं, लेकिन इसी बीच संजय का शव मिलने से माहौल गम में बदल गया।
बताया जा रहा है कि संजय ने पत्नी के ऑपरेशन के लिए पैसों का इंतजाम भी कर लिया था और लगातार अस्पताल के चक्कर लगा रहा था।
हादसा या आत्महत्या, जांच के बाद होगा साफ
पुलिस के मुताबिक, संजय की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। एक संभावना जताई जा रही है कि वह तालाब के पास गया हो और किसी हादसे में पानी में गिर गया हो। दूसरी आशंका यह भी है कि मानसिक तनाव के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया हो। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि मृतक की पहचान हो चुकी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है।