सरगुजा में जमीन का सौदा कर 12 लाख रुपये लेने के बाद भी जमीन दूसरे को बेचने के मामले में पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की

Chhattisgarh Crimesसरगुजा में जमीन का सौदा कर 12 लाख रुपये लेने के बाद भी जमीन दूसरे को बेचने के मामले में पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों ने जमीन बेचने के लिए एग्रीमेंट किया। 12 लाख रुपये लेकर पावर ऑफ अटार्नी तैयार कराई, जिसे चुपके से निरस्त करा दिया गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मोमिनपुरा निवासी कुदरत मोहम्मद (68 वर्ष) पेशे से दर्जी हैं। कुदरत मोहम्मद ने लमगांव निवासी पुष्पा पटेल (48 वर्ष) और उसके बेटे वर्षित पटेल (29 वर्ष), दोनों का वर्तमान निवास बौरीपारा अंबिकापुर से जमीन खरीदने का सौदा किया था।

पुष्पा पटेल के नाम पर रघुनाथपुर में स्थित जमीन खसरा नं. 15 एवं कुल रकबा 5.370 हेक्टेयर में से 0.809 हेक्टेयर भूमि को बेचने के लिए सौदा करने के बाद 4 मई 2023 को एग्रीमेंट किया। एग्रीमेंट के दौरान ढाई लाख रुपये चेक के माध्यम से एवं एक लाख रुपये नगद दिया।

एग्रीमेंट के बाद पुष्पा पटेल व वर्षित पटेल ने कहा कि गाड़ी को लेकर उनका केस कोर्ट में चल रहा है, जिसके लिए पैसा जमा करना है। उन्होंने पांच लाख रुपये की मांग की। उन्होंने जमीन में से 4 एकड़ भूमि रजिस्ट्री कराने का हवाला दिया। कुदरत मोहम्मद ने अलग-अलग किश्तों में कुल 12 लाख रूपए दे दिए।

पैसे लेने के बाद वर्षित पटेल ने कुदरत मोहम्मद के नाम पर जमीन की पावर ऑफ अटार्नी भी तैयार कराई। पैसे देने के बाद जमीन रजिस्ट्री के लिए कहने पर दोनों टाल-मटोल करते रहे। बाद में दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया।

आरोप है कि उक्त भूमि को किसी दूसरे को बेचने के लिए चुपके से उसके नाम की पावर ऑफ अटार्नी को भी निरस्त करा दिया। इसकी जानकारी कुदरत मोहम्मद को मिली तो आरोपियों ने उन्हें दूसरी जगह जमीन दिलाने का वादा किया गया।

पुष्पा पटेल व वर्षित पटेल दोनो के संयुक्त खाते की पूर्ण भूमि को पुष्पा पटेल के पक्ष में वर्षित पटेल द्वारा 6 अगस्त 2025 को हक त्याग करवा लिया गया है। 13 अक्टूबर 2023 को उक्त जमीन की रजिस्ट्री किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर कर दी गई।

शिकायत पर दर्ज हुई FIR

मामले की शिकायत कुदरत मोहम्मद ने कोतवाली थाने में की। जांच के बाद पुलिस ने पुष्पा पटेल एवं वर्णित पटेल के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version