छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में युवक की हत्या का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो की झाड़ियों में युवक की लाश मिली। उसका सिर कुचला हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, संजय मैदान क्षेत्र निवासी धनुर्जय चौहान सोमवार रात चक्रधर समारोह देखने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह रातभर घर नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो के पास रहने वाले लोगों ने झाड़ियों के बीच एक युवक की लाश देखी।

उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। मृतक की पहचान धनुर्जय चौहान के रूप में हुई।

सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या की आशंका

पुलिस के मुताबिक, धनुर्जय के सिर को पत्थर या किसी भारी वस्तु से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका है। शव खून से लथपथ हालत में झाड़ियों के बीच पड़ा था। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

2-3 संदिग्ध हिरासत में

बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में 2 से 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धनुर्जय आखिरी बार किन लोगों के साथ था और उसकी हत्या किस वजह से की गई।

पुराने बस डिपो में नशेड़ियों का जमावड़ा

आसपास के लोगों के मुताबिक, पुराना बस डिपो खंडहरनुमा है और यहां बड़ी-बड़ी झाड़ियां हैं। इसके चलते इलाके में नशेड़ियों का भी जमावड़ा रहता है। आशंका जताई जा रही है कि रात में नशे के दौरान किसी विवाद के बाद युवक की हत्या की गई होगी।

हालांकि, अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Exit mobile version