कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के चराईझुन गांव में झरने के पास एक ग्रामीण का शव मिलने से सनसनी फैल गई

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के चराईझुन गांव में झरने के पास एक ग्रामीण का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंबिकापुर के दरिमा गांव निवासी रमेश अघरिया (45) के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले चराईझुन गांव में अपनी बुआ के घर आया था और वहीं रह रहा था।

परिजनों के मुताबिक, रमेश गुरुवार शाम झरने में नहाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस हीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। देर रात तक तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।

शुक्रवार सुबह परिजन फिर झरने की ओर पहुंचे। वहां उन्हें रमेश के कपड़े दिखाई दिए। इसके बाद आसपास के इलाके में तलाश शुरू की गई।

झरने से 200 मीटर दूर मिला शव

तलाश के दौरान चराईझुन गांव से करीब 200 मीटर दूर झरने के पास रमेश का शव मिला। शव मिलने की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घटना की सूचना लेमरू थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने पंचनामा कर शव पीएम के लिए भेजा

सूचना मिलने पर लेमरू थाना प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि झरने में नहाने के दौरान डूबने से रमेश की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

लेमरू थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से भी घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Exit mobile version