
ग्राम पंचायत गुड़ी के देवारपारा में रविवार रात करीब 10 बजे ओवरलोडिंग के कारण 11 केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। तार सीधे घरेलू सर्विस लाइन पर गिर गया, जिससे पूरे इलाके में करंट फैल गया। इसी दौरान खाना खाने के बाद गली में टहलने निकला हिमांशु साहू (17) अंधेरे के कारण टूटे हुए तार को नहीं देख सका। तार के संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लगा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद रिश्तेदार उसे तत्काल सीपत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही हिमांशु की मौत हो गई। सीपत पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घंटों उठती रहीं चिंगारियां और आग की लपटें
हाईटेंशन तार टूटने के बाद शॉर्ट सर्किट के कारण मौके पर घंटों तक चिंगारियां और आग की लपटें उठती रहीं। अंधेरे में उठती लपटों को देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। वहीं, घटना के दौरान पूरे मोहल्ले में अचानक हाई वोल्टेज करंट फैल गया।
उस समय कई घरों में टीवी, कूलर, पंखे, फ्रिज समेत अन्य बिजली उपकरण चालू थे। तेज करंट और शॉर्ट सर्किट के कारण कई घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए।
ग्रामीणों ने किया बिजली विभाग कार्यालय का घेराव
हादसे से नाराज ग्रामीण सोमवार को बड़ी संख्या में सीपत स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक छात्र की जान चली गई और लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
उनका आरोप है कि गांव से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने, दोषियों पर कार्रवाई करने और गांव की बिजली व्यवस्था की जांच कर आवश्यक सुधार करने की मांग की है।