
पुलिस के पहुंचने के बाद भी वह नहीं मानी और बिना बिल चुकाए कार से भाग गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवती मारपीट करते नजर आ रही हैं। पुलिस ने युवती के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, सरकंडा के अशोक नगर निवासी अंजना दीवान (27) टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित हैंवन्स पार्क होटल के क्लब के सर्विस डिपार्टमेंट में काम करती हैं। शनिवार रात करीब 10:30 बजे पेमा नाम की युवती अपने दोस्तों के साथ क्लब पहुंची।
वह टेबल नंबर 26 पर बैठी। उसने बीयर, शराब और खाने-पीने का ऑर्डर किया। बिल बनने पर अंजना ने उसे 10 हजार रुपए का बिल दिया। युवती ने बिल की राशि पर आपत्ति जताई और अकेले के खाने-पीने का बिल मांगा। इसके बाद 5 हजार रुपए का दूसरा बिल दिया गया।
बिल देने टालमटोल, मांगने पर किया बवाल
आरोप है कि, इसके बाद भी युवती बिल चुकाने में टालमटोल करने लगी। अंजना ने जब दोबारा बिल मांगा तो वह चिल्लाने लगी और बाहर जाने लगी। रोकने पर उसने अंजना के बाल पकड़ लिए और मारपीट की। इससे अंजना के सिर में चोट आई। इसके बाद युवती ने वॉशरूम का शीशा और गमले तोड़ दिए।
पुलिस पहुंची, तो बिना बिल दिए भागी युवती
क्लब में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान युवती को समझाने की कोशिश की। लेकिन वह नहीं मानी। आरोप है कि वह धमकी देते हुए बिना बिल चुकाए कार में सवार होकर भाग गई। हालांकि, इस मामले की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।