भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह एक और हादसा हो गया

Chhattisgarh Crimesभिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह एक और हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस-6 में पुशर कार की चपेट में आने से ठेका मजदूर विनोद कुमार (45) की मौके पर मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 8:50 बजे पुशर कार नंबर-2 के पास हुआ।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मशीन के संचालन में दिक्कत आने के बाद विनोद उसके नीचे जाकर कपलिंग, बेल्ट समेत दूसरे हिस्सों की जांच कर रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन चल पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गया।

बताया जा रहा है कि, ब्लास्ट फर्नेस-6 में पुशर कार के काम नहीं करने की शिकायत थी। इसके बाद विनोद कुमार मशीन की जांच करने पहुंचा था। वह पुशर कार के नीचे जाकर कपलिंग, बेल्ट और अन्य हिस्सों को देख रहा था।

इसी दौरान अचानक पुशर कार चलने लगी। मशीन के नीचे होने के कारण विनोद को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही मौत हो गई।

कुछ ही सेकंड में हुआ हादसा

हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बीएसपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ट्रेड यूनियन इंटक और बीएमएस के नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

फिलहाल मशीन के अचानक चालू होने की स्थिति, तकनीकी कारण और काम के दौरान अपनाई गई सुरक्षा प्रक्रिया की जांच की जा रही है।

उतई के बजरंग नगर का रहने वाला था विनोद

मृतक विनोद कुमार दुर्ग जिले के उतई स्थित बजरंग नगर का रहने वाला था। वह बीएसपी के ब्लास्ट फर्नेस-6 में ठेका मजदूर के तौर पर काम कर रहा था। अधिकारियों की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होगी।

15 सितंबर को भी मशीन की चपेट में आने से हुई थी मौत

इससे पहले, 15 सितंबर को कोक ओवन और कोल केमिकल विभाग के एमसीआर-3 क्षेत्र में मशीन की चपेट में आने से 33 साल के ठेका मजदूर ललित कुमार साहू की मौत हुई थी। मंगलवार की घटना के बाद प्लांट में काम करने वाले ठेका श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं।

Exit mobile version