
मामला 18 सितंबर का है। ग्राम कुटेला भाठा निवासी घनश्याम कुर्रे ने 19 सितंबर को छावनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को साक्षरता चौक, कैम्प-01 भिलाई में रायपुर से दुर्ग जाने वाली सर्विस रोड पर देशी शराब भट्ठी के पास महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस (CG07CA8090) खड़ा था।
वाहन में 36 भरे हुए घरेलू इंडेन गैस सिलेंडर रखे थे। अज्ञात आरोपी वाहन से सभी सिलेंडर चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर छावनी थाने में अपराध क्रमांक 647/2026 दर्ज कर धारा 303(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र से मिले साक्ष्यों और लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताई चोरी की पूरी कहानी
जांच के दौरान पुलिस ने प्रमोद देवांगन की पहचान कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल क्षेत्र में अहिवारा रोड स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छोड़ दिए थे। बाकी 20 सिलेंडर अलग-अलग लोगों को 2 हजार रुपए प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिए थे।
प्रमोद से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों के ठिकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान 20 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा मुख्य आरोपी की निशानदेही पर भिलाई के बैकुण्ठ धाम दशहरा मैदान के पास से चोरी में इस्तेमाल महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन और 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। पुलिस ने कार्रवाई में कुल 25 सिलेंडर बरामद किए हैं।
आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
मामले में प्रमोद देवांगन के अलावा सुरेन्द्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन कुमार साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर दुर्ग न्यायालय में पेश किया।
2 हजार रुपए में बेच रहे थे सिलेंडर
पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद आरोपियों ने सिलेंडरों को अलग-अलग जगहों पर छिपा दिया था। कुछ सिलेंडर अलग-अलग लोगों को 2 हजार रुपए प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिए। आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के सिलेंडर बरामद किए।
पुलिस ने मामले में 20 घरेलू एलपीजी सिलेंडर, चोरी में इस्तेमाल महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन और 5 अन्य घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।