
जांच में सामने आया कि युवक पारिवारिक कारणों से आत्महत्या करने पहुंचा था। वीडियो में उसने कहा, “घर परिवार वालों से मैं टूट चुका हूं। मुझे मरने के सिवाए कुछ नहीं दिख रहा है। मेरी गाड़ी खरसिया स्टेशन पर है। मैं पटरी में कटकर मर जाऊंगा। इसके सिवाए कुछ भी नहीं दिख रहा है। मेरी जीने की आशा खत्म हो चुकी है। यह वीडियो मेरे घरवालों तक पहुंचा देना।”
जानकारी के मुताबिक युवक का नाम गोकुल निषाद है, जो कि बोकरामुड़ा का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार गोकुल ने अपनी बाइक स्टेशन के पास खड़ी की थी। इसके बाद वह रेलवे पटरी पर आत्महत्या करने पहुंचा, लेकिन उससे पहले वीडियो बनाया और उसने अपना दर्द बया किया।
इस बीच गोकुल के वीडियो बनाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही खरसिया चौकी पुलिस ने साइबर थाना से तकनीकी सहायता लेकर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को गोकुल के रेलवे पटरी की ओर होने की जानकारी मिली।
इसके बाद टीम ने उसकी संभावित लोकेशन और आने-जाने के रास्तों पर नजर रखते हुए तलाश शुरू की। इस दौरान युवक रेलवे पटरी के आसपास दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आते देखकर गोकुल वहां से निकलने लगा।
समझाइश के बाद परिजनों के हवाले किया
वह टाउन हॉल की ओर से रायगढ़ चौक की तरफ जाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया। पुलिस टीम ने गोकुल से बातचीत कर उसकी स्थिति को समझा और उसे समझाइश दी। इसके बाद उसको परिजनों के हवाले कर दिया गया।
रायगढ़ पुलिस ने की अपील
रायगढ़ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन हों, भावनात्मक या तनाव की स्थिति में खुद को नुकसान पहुंचाने जैसा कदम न उठाएं। मुश्किल समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता।
ऐसी स्थिति में अकेले रहने के बजाय परिवार, दोस्त या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से अपनी बात साझा करें। जरूरत महसूस होने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन या संबंधित हेल्पलाइन से तत्काल मदद लें।