बेमेतरा सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 45 पौवा देशी मसाला शराब और शराब ले जाने में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 34,500 रुपए बताई गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-30 पर बेमेतरा-कवर्धा बाईपास मार्ग पर ग्राम भोईनाभाठा में अगम डेली नीड्स के सामने एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर शराब लेकर ग्राहकों को बेच रहा है। इस सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान लल्लू लहरे (25) के रूप में की है, जो ग्राम छीतापार, बेमेतरा का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल की टंकी के ऊपर रखी बोरी से 45 पौवा देशी मसाला शराब मिली, जिसकी कुल मात्रा 8,100 एमएल थी।

इस शराब की कीमत करीब 4,500 रुपए और मोटरसाइकिल की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।

सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोनम ग्वाला ने बताया कि पुलिस को अवैध शराब ले जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर टीम ने कवर्धा बाईपास रोड पर कार्रवाई की और आरोपी को शराब और बाइक के साथ पकड़ा।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है।

Exit mobile version