रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान रातभर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ रही

Chhattisgarh Crimesरायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान रातभर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ रही। शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकी देखने के लिए जयस्तंभ चौक और आसपास के इलाकों में लोग जुटे रहे। झांकियों में अलग-अलग धार्मिक प्रसंगों को दिखाया गया।

वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध की थीम पर झांकी सजाई गई। एक झांकी में यमलोक में रावण के हमले का दृश्य दिखाया गया। वहीं एक झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को गरुड़ का घमंड तोड़ते हुए दिखाया गया।

रातभर झांकी मार्ग पर भीड़ के कारण कई जगह ट्रैफिक प्रभावित रहा। एक एंबुलेंस भीड़ में फंस गई, जिसे पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। दुर्ग से आई एक महिला भी परिवार से बिछड़ गई, जिसकी पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने मदद की।

रायपुर के एमजी रोड पर मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज डीजे और धुमाल के वाइब्रेशन से दुकान की छत का छज्जा गिर गया। हालांकि, हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। तेज डीजे की आवाज के बीच लोग नाचते रहे, जबकि पुलिस उन्हें रोकती नजर आई। एक व्यक्ति ने तेज डीजे की आवाज की शिकायत भी की। कई समितियां फिल्मी गाने बजाती नजर आईं।

झांकी मार्ग पर सभी तरह के वाहनों की एंट्री बंद रही। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की थी और ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर नियम तय किए गए थे।

तेलघानी नाका से शारदा चौक तक चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त की गईं।

Exit mobile version