दंतेवाड़ा से भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर के लिए बाइक यात्रा शुरू की

Chhattisgarh Crimesदंतेवाड़ा से भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर के लिए बाइक यात्रा शुरू की है। 27 सितंबर को शुरू हुई यात्रा जगदलपुर, कोंड़ागांव, केशकाल और कांकेर से होकर आज रायपुर पहुंचेगी। दंतेवाड़ा से रायपुर तक करीब 380 किमी का सफर होगा। जिन-जिन गांव और शहरों से यात्रा गुजर रही है, वहां कार्यकर्ता सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी कर रहे हैं।

दंतेवाड़ा भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल असरानी ने बताया कि, सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान और लाभार्थी संपर्क सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले में भी युवा मोर्चा ने विभिन्न कार्यक्रम किए।

उन्होंने बताया कि, यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर आयोजित किया जा रहा है। नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 साल और प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल पूरे होने का भी उल्लेख अभियान में किया जा रहा है।

वडनगर से वाराणसी तक जल लेकर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

राहुल असरानी ने बताया कि, अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी तक बाइक यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा में विभिन्न स्थानों से जल एकत्रित कर वाराणसी तक पहुंचाया जाएगा। यह यात्रा रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से होकर गुजर रही है।

दंतेवाड़ा से 27 सितंबर को शुरू हुआ सफर

राहुल असरानी ने बताया कि, दंतेवाड़ा से युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने 27 सितंबर को बाइक से रायपुर के लिए सफर शुरू किया। विभिन्न सेवा कार्य किए गए। मंगलवार को यात्रा रायपुर पहुंचेगी, जहां अभियान से जुड़े कार्यक्रम में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

Exit mobile version