बलौदाबाजार में सवारी बैठाने को लेकर बस ड्राइवर और ऑटो-ई रिक्शा ड्राइवरों के बीच हुए विवाद के बाद बस चालक-परिचालक संघ ने हड़ताल शुरू कर दी

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार में सवारी बैठाने को लेकर बस ड्राइवर और ऑटो-ई रिक्शा ड्राइवरों के बीच हुए विवाद के बाद बस चालक-परिचालक संघ ने हड़ताल शुरू कर दी है। सभी बसों को मुख्य बस स्टैंड में खड़ा कर दिया गया है। चालक-परिचालकों ने बसें चलाने से साफ इनकार कर दिया है। इससे बस से सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।

मामला बुधवार का है। बताया जा रहा है कि सवारी बैठाने को लेकर एक ऑटो चालक ने राधेश्याम बस सर्विस के चालक राधेलाल बांधे के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में बस चालक को गंभीर चोटें आईं। साथी चालक उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया।

घटना के बाद बस चालक और परिचालक एकजुट हो गए और बसें चलाना बंद कर दिया। उनका कहना है कि ऑटो और ई-रिक्शा चालक आए दिन बस चालकों से विवाद करते हैं। उनका आरोप है कि ऑटो और ई-रिक्शा बस स्टैंड के अंदर आकर सवारी बैठाते हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनती है।

बस चालक-परिचालकों की मांग है कि मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग स्टैंड बनाया जाए। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक बसों का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

हड़ताल की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, आरटीओ अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने चालक-परिचालकों से बात कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लखेस केवट ने बताया कि सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालक और बस चालक-परिचालक के बीच मारपीट हुई है। इसमें बस चालक-परिचालक को चोट आई है। मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

बसों की हड़ताल के कारण बस स्टैंड में यात्रियों की भीड़ जमा हो गई है। दूर-दराज के गांवों और दूसरे शहरों से आए यात्री घंटों से बसों का इंतजार कर रहे हैं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। यात्रियों ने प्रशासन से जल्द विवाद का समाधान कर बस सेवा शुरू कराने की मांग की है।

Exit mobile version