कोरबा में दिनदहाड़े ठगी और चेन स्नेचिंग की दो घटनाएं सामने आई

Chhattisgarh Crimesकोरबा में दिनदहाड़े ठगी और चेन स्नेचिंग की दो घटनाएं सामने आई हैं। दर्री थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो ठगों ने पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर 65 साल के बुजुर्ग से दो सोने की अंगूठियां उतरवा लीं। वहीं, सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार दो युवकों ने चेन खींचने की कोशिश की। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस चेकिंग का झांसा देकर 80 हजार की अंगूठियां ले गए

दर्री थाना क्षेत्र के प्रगति नगर रोड पर 65 साल के भागीराम कर्म के साथ ठगी हुई। वह CISF क्वार्टर ऑफिस के सामने मेन रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।

ठगों ने बुजुर्ग से कहा कि आगे पुलिस चेकिंग चल रही है, इसलिए सोना-चांदी उतार दें। उनकी बातों में आकर भागीराम ने अपनी दो सोने की अंगूठियां उतार दीं। आरोपी अंगूठियां लेकर बाइक से फरार हो गए। इनकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है।

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन खींचने की कोशिश

दूसरी घटना कोरबा शहर के एमपी नगर मुख्य मार्ग की है। शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ घंटाघर की ओर मॉर्निंग वॉक पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन खींचने की कोशिश की।

अचानक हुए हमले से महिला सड़क पर गिर गईं। हालांकि चेन नहीं टूटी और बदमाशों की कोशिश नाकाम हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।

सीएसपी प्रतिभा चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

एक महीने में तीसरी ऐसी घटना

कोरबा में इस तरह की यह हाल की तीसरी घटना बताई जा रही है। करीब एक महीने पहले निहारिका टॉकीज के पास भी बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग को पुलिस चेकिंग का झांसा दिया था। इसके बाद उसके गले से सोने की चेन लेकर फरार हो गए थे।

दोनों नए मामलों में पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। व्यस्त सड़कों पर दिनदहाड़े हुई इन घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है।

पुलिस बोली- जांच जारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि शिकायत के बाद दोनों मामलों में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और अन्य जानकारी जुटा रही है। आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version