बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में गौवंश तस्करी के मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में गौवंश तस्करी के मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 भैंस, एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 39 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मवेशियों को बेरला से साजा होते हुए मध्यप्रदेश के कत्लखाने ले जाया जा रहा था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, कोदवा निवासी गणेश वैष्णव (34) को सूचना मिली थी कि पिकअप क्रमांक CG 04 NZ 5877 में 4 भैंस भरकर मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। पिकअप के आगे दो मोटरसाइकिलों पर 4 लोग पायलेटिंग कर रहे थे।

सूचना मिलने के बाद गणेश वैष्णव अपने गौवंश सेवक साथियों के साथ ग्राम परपोड़ा और मोहभट्ठा के बीच स्थित पुल के पास पहुंचे और वाहन का इंतजार करने लगे।

कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वहां पहुंची। वाहन में 4 भैंसों के साथ चालक लक्ष्मण मेरावी और अन्य लोग सवार थे। वहीं आगे CG 08 AT 2715 और डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 09 JN 7515 पर 4 लोग पायलेटिंग करते मिले।

परिवहन के दस्तावेज नहीं मिले

मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैधानिक दस्तावेज मांगे जाने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। शिकायत के अनुसार, भैंसों को बिना पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन कर कत्लखाने ले जाया जा रहा था। इसके बाद वाहन और मवेशियों को साजा थाने लाया गया।

पूछताछ में 7 आरोपियों की संलिप्तता सामने आई

प्रार्थी की लिखित शिकायत के आधार पर साजा पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने धनीराम मेरावी, राकेश मेरावी, लेखू मेरावी, भारत मरकाम, राजकुमार मेरावी, लक्ष्मण मेरावी और मनीष राज मेरावी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।

3.39 लाख रुपए का सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 भैंसों की कीमत करीब 44 हजार रुपए, पिकअप वाहन की कीमत 2.50 लाख रुपए, मोटरसाइकिल CG 08 AT 2715 की कीमत 30 हजार रुपए और मोटरसाइकिल CG 09 JN 7515 की कीमत 15 हजार रुपए आंकी है। इस तरह कुल 3 लाख 39 हजार रुपए का माल जब्त किया गया।

कबीरधाम जिले के रहने वाले हैं सभी आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार मेरावी (32), धनीराम मेरावी (55), लेखू मेरावी (25), भारत मरकाम (46) और राकेश मेरावी (22) सभी निवासी बहेराखार, थाना रेंगाखार, जिला कबीरधाम हैं।

वहीं लक्ष्मण मेरावी (27) और मनीष राज मेरावी (18) निवासी पंडरिया, थाना रेंगाखार, जिला कबीरधाम हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।

Exit mobile version