
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की मांग की है। इसके बाद खाद्य विभाग ने जांच के निर्देश दिए हैं। विभाग के अधिकारी ने कहा कि वीडियो के आधार पर प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले सक्ती जिले में भी ऐसा मामला सामने आ चुका है। यहां पापा ढाबे के जेंट्स टॉयलेट के अंदर बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ढाबे का खाद्य लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया था।
ग्राहक ने बनाया वीडियो, कर्मचारियों से भी की पूछताछ
बताया जा रहा है कि एक ग्राहक ने न्यू दिल्ली स्वीट्स में बर्तन बाथरूम के फर्श पर धोते हुए देखा। उसने फौरन इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में कर्मचारी बाथरूम के अंदर फर्श पर बर्तन धोते दिखाई दे रहे हैं। ग्राहक ने कर्मचारियों से इस बारे में पूछताछ भी की। कर्मचारियों ने बताया कि कुछ तकनीकी परेशानी के कारण इमरजेंसी में वहां बर्तन धुलवाए जा रहे थे।
जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने शहर के अन्य होटल और स्वीट्स दुकानों की भी जांच कराने की मांग की है। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि वीडियो के आधार पर दुकान संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। मौके पर जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई गई स्थिति सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है। बाथरूम जैसी जगह पर बर्तन धोना नियमों के खिलाफ है। विभाग की जांच टीम जल्द ही दुकान का निरीक्षण करेगी।