
इस मामले में दोनों वाहन ड्राइवरों को गिरफ्तार कर कबाड़ और वाहनों समेत करीब 26.26 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि, देलारी क्षेत्र में दो माजदा वाहनों से अवैध कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी की। दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली गई तो उनमें बड़ी मात्रा में अलग-अलग तरह का स्क्रैप लोड मिला।
पहले वाहन में 9.69 टन कबाड़
पुलिस के अनुसार, पहले वाहन के चालक लालमणी गणतिया, निवासी सिदांडीमुंडा, जिला बलांगीर, ओडिशा के वाहन से 9 टन 690 किलो स्क्रैप बरामद हुआ। इसमें टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स शामिल थे। इसकी कीमत करीब 3 लाख 39 हजार 150 रुपए बताई गई है।
दूसरे वाहन में 8.21 टन स्क्रैप
दूसरे वाहन के चालक मोहम्मद अपरार (32), निवासी कमरिया, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश के वाहन से 8 टन 210 किलो स्क्रैप मिला। इसकी कीमत करीब 2 लाख 87 हजार 350 रुपए बताई गई है।
कागजात नहीं दिखा सके ड्राइवर
पुलिस ने वाहन चालकों से कबाड़ के संबंध में दस्तावेज मांगे। पूछताछ में दोनों पहले टालमटोल करते रहे, लेकिन बाद में कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों में लोड 17 टन 900 किलो कबाड़ जब्त कर आरोपियों को थाने लाया गया।
SSP बोले- अवैध कबाड़ पर कार्रवाई जारी रहेगी
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि, कबाड़ के अवैध परिवहन और अवैध खरीदी-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने दोनों वाहनों को पकड़कर अवैध कबाड़ जब्त किया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।