
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे कुम्हरास निवासी वेट्टी लक्ष्मण, पिता वेट्टी हड़मा शराब के नशे में घर के पास बैठा था। इसी दौरान उसका पिता जंगल से लकड़ी काटकर घर लौटा।
बेटे के नशे में होने और विवाद करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर पिता ने पास रखी टांगिया से लक्ष्मण पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
छोटी-छोटी बातों पर अक्सर होता था विवाद
बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी। रविवार रात भी शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने बेटे पर टांगिया से हमला कर दिया। परिवार में पहले ही बीमारी के चलते एक बेटे की मौत हो चुकी है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।