
युमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र मां पंचमुखी काली मंदिर छैलडोंगरी में मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को वार्षिक पूजा-अर्चना एवं दशहरा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जाएगा। दशहरा पूजा जात्रा को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई हैं। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
महोत्सव के अवसर पर मां पंचमुखी काली की विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर भ्रमण किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक देवी पूजा-अर्चना का आयोजन होगा।
दशहरा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिलेगा। धार्मिक आयोजन के साथ ही रात्रिकालीन मनोरंजन के लिए ओड़िया नाटक का भी आयोजन किया गया है, जिसमें स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्र से पहुंचने वाले दर्शक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद ले सकेंगे।
मां पंचमुखी काली मंदिर छैलडोंगरी क्षेत्र में लंबे समय से श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। प्रत्येक वर्ष दशहरा के अवसर पर यहां आयोजित होने वाली पूजा जात्रा में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु शामिल होते हैं। आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं मंदिर समिति द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।