लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ की ओर से व्याख्याता और व्याख्याता एलबी (टी-संवर्ग) पद पर पदोन्नति के बाद पदस्थापना के लिए मंगलवार को शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर में ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग हुई

Chhattisgarh Crimesलोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ की ओर से व्याख्याता और व्याख्याता एलबी (टी-संवर्ग) पद पर पदोन्नति के बाद पदस्थापना के लिए मंगलवार को शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर में ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग हुई। सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक चली प्रक्रिया में 209 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 193 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इस तरह काउंसिलिंग में 92.34 प्रतिशत उपस्थिति रही।

काउंसिलिंग के लिए विषयवार पदोन्नत व्याख्याताओं की सूची दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद विभागीय पोर्टल पर 25 सितंबर को अपलोड की गई थी। यह सूची संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा और जिला शिक्षा अधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर तैयार की गई थी। काउंसिलिंग शुरू होने से पहले सभी उपस्थित अभ्यर्थियों को प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

पदोन्नति से किया इनकार

हिंदी विषय में 74 में से 68 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और सभी ने पदस्थापना के लिए सहमति दी। अंग्रेजी में 35 में से 29 उपस्थित हुए। इनमें 24 ने सहमति दी, 3 ने असहमति जताई और 2 ने पदोन्नति लेने से इनकार किया। संस्कृत में 50 में से 48 उपस्थित रहे, जिनमें 47 ने सहमति दी और एक ने पदोन्नति से इनकार किया।

16 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में रहे अनुपस्थित

गणित विषय में 50 में से 48 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल हुए। इनमें 46 ने सहमति दी, जबकि एक ने असहमति जताई और एक ने पदोन्नति लेने से इनकार किया। इस तरह सभी चार विषयों को मिलाकर 193 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें 185 ने पदस्थापना के लिए सहमति दी, 4 असहमत रहे और 4 ने पदोन्नति से इनकार किया।

कुल 16 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहे। काउंसिलिंग में शामिल अभ्यर्थियों से उनकी पसंद के विद्यालयों के संबंध में सहमति ली गई। इसके आधार पर चयनित विद्यालयों में पदस्थापना के लिए पदांकन आदेश की प्रक्रिया की जा रही है।

Exit mobile version