जर्जर पुल में जानलेवा गड्ढे, विभाग बेखबर; राहगीरों ने खुद बनाया संकेतक

Chhattisgarh Crimesउसरीजोर–घुमरापदर मार्ग पर हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने देसी तरीके से राहगीरों को किया सतर्क

युमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। उसरीजोर से घुमरापदर जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की पक्की सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे उभर आए हैं, वहीं मार्ग में बने कई छोटे-बड़े पुल-पुलिया भी जर्जर अवस्था में हैं। इसके चलते इस मार्ग से आवागमन करने वाले राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

इसी मार्ग पर ग्राम सरनाबहाल के समीप स्थित पुल पर एक बड़ा और खतरनाक गड्ढा हो गया है। पुल की इस स्थिति से कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक मरम्मत की पहल सामने नहीं आई है।

राहगीरों ने खुद संभाली जिम्मेदारी

पुल पर बने जानलेवा गड्ढे को देखते हुए राहगीरों ने अपने स्तर पर देसी तरीके से संकेतक लगा दिए हैं, ताकि इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक और अन्य राहगीर पहले से सतर्क हो सकें। लोगों की यह पहल संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से की गई है।

हालांकि, राहगीरों द्वारा लगाए गए अस्थायी संकेतक स्थायी समाधान नहीं हैं। जर्जर पुल और सड़क की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभाग को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराना चाहिए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके।

अब सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? या फिर समय रहते पुल की मरम्मत कराकर राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी?

Exit mobile version