
इस हंगामे के दौरान एक महिला ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ भी जड़ दिया। वहीं, दूसरी महिला शराब उठाकर वहां से भागने की कोशिश करने लगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है।
अवैध शराब की सूचना पर मौके पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात डोंगरगढ़ पुलिस को मोचीपारा इलाके में अवैध शराब बेचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद डोंगरगढ़ थाने के जवान मौके पर पहुंचे। वहां पुलिस ने एक युवक को शराब के साथ पकड़ा। इसी दौरान मामला बिगड़ गया और युवक पुलिस जवानों के साथ बदसलूकी करने लगा।
इसके बाद युवक पुलिसकर्मियों के सामने अपने कपड़े उतार दिया। इसके साथ ही जोर जोर से चिल्लाते हुए जवानों से खुद को मारने के लिए कहने लगा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मौके पर पहुंचीं महिलाएं, पुलिसकर्मियों से की धक्का-मुक्की
वीडियो में कुछ देर बाद कई महिलाएं भी मौके पर पहुंचती दिखाई देती हैं। इनमें से कुछ महिलाएं पुलिस जवानों के साथ बहस और धक्का-मुक्की करने लगती हैं। मामला इतना बढ़ जाता है कि एक महिला पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार देती है।
वहीं, वीडियो में एक दूसरी महिला शराब उठाकर वहां से भागने की कोशिश करती दिखाई देती है। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहते हैं। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया।
एसडीओपी बोले- एफआईआर दर्ज, जल्द होगी गिरफ्तारी
इस मामले में डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने बताया कि शुक्रवार रात मोचीपारा में अवैध शराब बेचने की सूचना मिली थी। इसके बाद डोंगरगढ़ थाने की पुलिस टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान वहां कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्रता की।
एसडीओपी के मुताबिक, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।