सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक मां ने अपने डेढ़ साल के बच्चे को जमीन पर पटक दिया

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक मां ने अपने डेढ़ साल के बच्चे को जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्चे के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई और अब उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार परिवार में लंबे समय से चल रहे विवाद और तनाव के बीच महिला ने आवेश में आकर यह कदम उठाया। बच्चे के जमीन पर गिरते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद घायल बच्चे को तत्काल जिला चिकित्सालय सूरजपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।

जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने बताया कि बच्चे के सिर और नाक में चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद घायल हिस्सों पर टांके लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे की स्थिति फिलहाल सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

डॉ. मरकाम के अनुसार, यदि चोट और गंभीर होती तो स्थिति चिंताजनक हो सकती थी। बच्चे को आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

पुलिस में नहीं हुई शिकायत

मामले में अब तक किसी भी पक्ष ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version