दुर्ग के महिला-बाल विकास विभाग के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में महिला से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने आरोपी यूट्यूबर हनुमान (30) उर्फ हनु नायक को गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग के महिला-बाल विकास विभाग के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में महिला से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने आरोपी यूट्यूबर हनुमान (30) उर्फ हनु नायक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला नेहरू नगर चौक पर करीब 15 साल की एक बच्ची के कारों के शीशे साफ करते मिलने से जुड़ा है।

महिला-बाल विकास विभाग की टीम बच्ची को संरक्षण देने के उद्देश्य से चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय लेकर आई थी। इसके बाद उसकी मां गोलू बाई को भी जरूरी दस्तावेजों के साथ कार्यालय बुलाया गया। वहां बच्ची और उसकी मां की काउंसलिंग की जा रही थी।

इसी दौरान यूट्यूबर हनु नायक उर्फ हनुमान भी कार्यालय पहुंचा। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, काउंसलिंग के दौरान बच्ची के स्कूल नहीं जाने को लेकर बातचीत हुई। इसी बीच विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर महिला व विभागीय कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। कर्मचारियों ने आरोपी पर धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप लगाया है।

CCTV फुटेज भी आया था सामने

घटना 7 अक्टूबर की बताई गई है। इससे जुड़ा CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया था। चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ममता साहू और परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने भी आरोपी पर महिला से मारपीट, गाली-गलौज और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए थे।

मामले में चाइल्ड हेल्पलाइन प्रबंधन की ओर से कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

पुलिस के मुताबिक, पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में अपराध क्रमांक 646/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 121(2), 132, 296, 115(2) और 351(3) में केस दर्ज किया गया है। आरोपी पर पत्रकारिता का धौंस दिखाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

आरोपी के खिलाफ पहले भी सुपेला और नेवई थानों में मारपीट से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी है।

Exit mobile version