कोंडागांव जिले के विकासखंड गोलावंड में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास से तीन छात्राओं के रात में निकलने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesकोंडागांव जिले के विकासखंड गोलावंड में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास से तीन छात्राओं के रात में निकलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तीनों बीती रात छात्रावास छोड़कर गांव के सरपंच के घर पहुंच गई थीं।

छात्राओं ने रात में साड़ी पहने डरावनी आकृति दिखाई देने और अपनी ओर खींचने की कोशिश किए जाने का दावा किया है। घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, छात्राओं ने बताया कि रात के समय छात्रावास में उन्हें साड़ी पहने किसी आकृति के दिखाई देने का डर लगा। उनका दावा है कि वह आकृति उन्हें अपनी ओर खींचने की कोशिश करती है। इससे वे काफी घबरा गईं और रात में ही छात्रावास से निकलकर सरपंच के घर पहुंच गईं।

हालांकि, छात्राओं की ओर से बताई गई आकृति और घटना से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरे कैंपस में रहने की व्यवस्था

मामले में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कृपेंद्र तिवारी ने बताया कि छात्राओं ने रात में डर लगने और साड़ी पहने प्रेत आत्मा जैसी आकृति दिखाई देने की जानकारी दी है। छात्राओं की परेशानी को देखते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच सहित अन्य लोगों से चर्चा कर समाधान निकालने का आग्रह किया गया है।

उन्होंने बताया कि छात्राएं जिस परिसर में रह रही थीं, वहां उन्हें डर लगने की बात सामने आई है। इसलिए उन्हें दूसरे कैंपस में रहने के लिए कहा गया है, ताकि वे भयमुक्त होकर पढ़ाई जारी रख सकें।

Exit mobile version