पेंड्रा में रेलवे ट्रैक से करीब 100 मीटर कॉपर तार चोरी हो गया

Chhattisgarh Crimesपेंड्रा में रेलवे ट्रैक से करीब 100 मीटर कॉपर तार चोरी हो गया। घटना 9 अक्टूबर 2026 की है। ठेकेदार प्रशांत जैना की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

ओडिशा के पुरी जिले की ब्राम्होगिरी तहसील के अपेटी निवासी प्रशांत जैना (45) रेलवे में निजी ठेकेदारी का काम करते हैं। उनकी एजेंसी को पेंड्रारोड से सिंदुरगढ़ तक 150 किलोमीटर रेलवे ट्रैक पर कॉपर तार लगाने का ठेका मिला है।

पेट्रोलिंग के दौरान पता चली चोरी

आवेदन के मुताबिक, 9 अक्टूबर को प्रशांत जैना अपने साथी के साथ ग्राम ललाती ओवरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ऊपर लगे तारों की जांच की तो करीब 100 मीटर कॉपर तार गायब मिला। चोरी हुए तार की कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।

सिक्योरिटी इंचार्ज को दी सूचना

तार गायब मिलने पर प्रशांत जैना ने तुरंत अपने सिक्योरिटी इंचार्ज को इसकी सूचना दी। इसके बाद उन्होंने पेंड्रा थाने पहुंचकर थाना प्रभारी के नाम आवेदन दिया और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध

शिकायत के आधार पर पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस चोरों की पहचान करने और उनका पता लगाने में जुटी है।

Exit mobile version