
इस तरह उसने कारोबारी का विश्वास जीता और गलत दस्तखत वाले चेक देकर करोड़ों के आभूषण ले लिए। इस धोखाधड़ी में एक दूसरी महिला भी शामिल है, जो अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक भाठागांव में रहने वाले कारोबारी रिखब बरडिया ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त 2026 को किरण साहू एक महिला साथी के साथ उनकी दुकान पहुंची। किरण ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में काम करने वाली कर्मचारी बताया।
इससे कारोबारी को उन पर भरोसा हो गया। दोनों महिलाओं ने पहली बार में करीब 37 लाख रुपए के आभूषण खरीदे। इसके बदले उन्होंने 250 ग्राम सोने का बिस्किट और 7 लाख रुपए कैश दिए। बाकी 15 लाख रुपए के भुगतान के लिए चेक दिया।
2 दिन बाद यानी 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं। इस बार वे करीब 1.73 करोड़ रुपए के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण ले गई। इसके भुगतान के लिए 1,73,37,630 रुपए का चेक दिया। साथ ही, दो-तीन दिन में सोने के बिस्किट देने का भरोसा दिलाया।
गलत दस्तखत के कारण चेक हुआ बाउंस
कारोबारी ने 1 सितंबर को 15 लाख रुपए का चेक बैंक में जमा किया, लेकिन उस पर गलत दस्तखत होने के कारण चेक बाउंस हो गया। इसके बाद कारोबारी ने किरण साहू से संपर्क किया तो वह भुगतान के लिए टालमटोल करने लगी।
उसने न तो बकाया राशि का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया। पीड़ित की शिकायत के अनुसार दोनों महिलाएं कुल 1,88,37,630 रुपए के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लेकर चली गई। इसके बाद भुगतान नहीं कर धोखाधड़ी की गई।
दूसरी आरोपी की तलाश जारी
मामले की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पूछताछ में उरला की रहने वाली किरण साहू (28) ने अपनी महिला साथी के साथ मिलकर वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल, उससे आभूषणों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में फरार दूसरी महिला की तलाश जारी है।