रायगढ़ में 16 साल के नाबालिग से रेप का मामला सामने आया है

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ में 16 साल के नाबालिग से रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि 34 साल के युवक ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को घर से बहला-फुसलाकर ले गया और ओडिशा स्थित अपने घर में उसके साथ रेप किया। नाबालिग के लापता होने पर परिजनों ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 25 सितंबर को नाबालिग के पिता ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। उनकी 16 साल की बेटी भी अपने कमरे में सोई थी, लेकिन अगली सुबह वह कमरे में नहीं मिली।

परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन बालिका का पता नहीं चला। इसके बाद पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने के संदेह में धारा 137(2) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बालिका को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के हिमगीर थाना क्षेत्र के रेगारपानी, भोगराकछार निवासी परमानंद कंवर (34) अपने साथ ले गया है और उसे अपने घर में रखा है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल रेगारपानी रवाना हुई। आरोपी के घर पहुंचने पर पुलिस को बालिका मिल गई, लेकिन आरोपी मौके से फरार था। पुलिस ने बालिका को सुरक्षित बरामद कर आगे की कार्रवाई की।

पीड़िता बोली- शादी का झांसा देकर किया रेप

महिला पुलिस अधिकारी ने नाबालिग का बयान दर्ज किया। काउंसलिंग के बाद उसे उसके पिता के हवाले कर दिया गया। पीड़िता ने बताया कि परमानंद कंवर शादी का झांसा देकर उसे बाइक से रेगारपानी ले गया था। वहां उसने अपने घर में उसके साथ रेप किया।

पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज केस में धारा 62(2)(ड) BNS और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 भी जोड़ीं।

गांव की मुख्य सड़क पर पकड़ा गया आरोपी

घटना के बाद से पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने उसे उसके गांव की मुख्य सड़क पर पल्सर बाइक के साथ पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पल्सर बाइक जब्त कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version