बिलासपुर में मशहूर अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन ने छत्तीसगढ़ से जुड़ाव, छत्तीसगढ़ी फिल्मों की संभावनाओं, दिल्ली की रामलीला में भगवान राम की भूमिका और उत्तर प्रदेश की राजनीति पर खुलकर बात की

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में मशहूर अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन ने छत्तीसगढ़ से जुड़ाव, छत्तीसगढ़ी फिल्मों की संभावनाओं, दिल्ली की रामलीला में भगवान राम की भूमिका और उत्तर प्रदेश की राजनीति पर खुलकर बात की। अपने ऊपर बनने वाले मीम्स पर भी उन्होंने मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “लोगों ने मुझ पर नींबू फेंका, मैंने उसका शरबत बना लिया।”

दिल्ली की रामलीला में भगवान राम की भूमिका निभाने को लेकर रवि किशन ने कहा कि यह उनके लिए अद्भुत और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, “मैं एक पुजारी का बेटा हूं। बचपन से ही मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम की कथाएं और उनके विचार सुनता आया हूं। गांव की रामलीला में मैंने बचपन में सीता मां का किरदार निभाया था।”

रवि किशन ने कहा कि अगर अच्छी कहानी मिली तो वह छत्तीसगढ़ी फिल्म में भी काम करेंगे। इसके अलावा उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। रवि किशन ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर कायम रहें। उन्होंने यह बयान गरबा कार्यक्रम में शामिल होने से पहले दिया।

वहीं, गरबा कार्यक्रम में रवि किशन के साथ बिलासपुर के युवा जमकर झूमे। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जब कोई साथ न दे तो भगवान शिव को याद करो, ईमानदारी से मेहनत करो। पहले नाम कमाओ, पैसा अपने आप आएगा।

अलग-अलग मुद्दों पर रखी अपनी बात

दरअसल, मंगलवार को नवरात्रि पर्व पर प्रजाराज्यम ग्रुप के पंखीड़ा रास गरबा शो में शामिल होने के लिए अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन बिलासपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उन्होंने अलग-अलग विषयों पर अपनी बात रखी।

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बात करते हुए रवि किशन ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को उनकी चुनौती याद दिलाई। उन्होंने कहा, “अखिलेश बाबू ने योगी जी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। हमारे महाराज जी (योगी आदित्यनाथ) ने उस चुनौती को सहर्ष स्वीकार कर लिया। अब अखिलेश जी को खुद मैदान में उतरना चाहिए और पीछे नहीं हटना चाहिए।

उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता, खासकर अयोध्या के लोग यह देखना चाहते हैं, क्योंकि चुनौती अखिलेश जी ने ही दी थी। जब आप इतने बड़े प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हैं और आपके साथ बड़ा वोट बैंक और समुदाय है, तो आपको इस चुनौती से पीछे नहीं हटना चाहिए। बल्कि तुरंत हां कहकर अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोकनी चाहिए।”

Exit mobile version