छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तीन महीने के मासूम को कथित तौर पर 1.80 लाख रुपए में बेचने के मामले में पुलिस ने बच्चे की मां समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तीन महीने के मासूम को कथित तौर पर 1.80 लाख रुपए में बेचने के मामले में पुलिस ने बच्चे की मां समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बच्चे को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले से बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया है।

मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बच्चे को मार्च 2026 में बेचे जाने का आरोप है। बरामदगी के समय बच्चे की उम्र करीब 9 से 10 महीने बताई गई है।

एएसपी राकेश पाटनवार के मुताबिक, कुनकुरी थाना क्षेत्र की एक महिला ने 12 अगस्त 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके बेटे शंकर चौहान की मृत्यु के बाद यशोदा यादव उनके साथ रह रही थी। यशोदा ने 18 दिसंबर 2025 को एक बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि बाद में मार्च 2026 में बच्चे को बेच दिया गया।

शिकायत के आधार पर कुनकुरी पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम की धारा 81 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 143(4) एवं 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की

पूछताछ में पश्चिम बंगाल तक पहुंचने का मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी सुकरु आलम उर्फ बंगाली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बच्चे को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के लालपुर भीमचक गांव में शेख अलविन तक पहुंचाने की जानकारी सामने आई।

इसके बाद बच्चे को बरामद करने के लिए एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने कुनकुरी पुलिस की एक टीम गठित कर पश्चिम बंगाल रवाना की।

1.80 लाख रुपए में बच्चा खरीदने की बात

पुलिस के मुताबिक, लालपुर भीमचक गांव से पकड़े गए शेख अलविन ने पूछताछ में बताया कि उसने मार्च 2026 में बच्चे को 1.80 लाख रुपए में खरीदा था और अपनी बेटी को सौंप दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने बच्चे को बरामद किया। आवश्यक पंचनामा तैयार कर उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।

मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

एएसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि मामले में बच्चे की मां यशोदा यादव के अलावा पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के लालपुर भीमचक निवासी सुकरु आलम उर्फ बंगाली (43), शेख अलविन (52), निर्मला तिर्की (45) और फूलकुंवारी (50) को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। बच्चे को सुरक्षित बरामद कर संरक्षण में लेने के बाद अब प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version