छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी थी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इनमें से प्रेम धीवर (18) की सोमवार को ही बलौदाबाजार अस्पताल में मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर हालत में रायपुर रेफर किए गए राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों युवक मौसेरे भाई थे और नवरात्रि के मौके पर पलारी आ रहे थे।

तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक में घुसी

जानकारी के मुताबिक, कोरासी गांव के रहने वाले प्रेम धीवर (18) ने इसी गांव के अपने मौसेरे भाइयों राज धीवर (18) और पलारी के खिलेश्वर धीवर (18) के साथ पलारी जाने का प्लान बनाया।

तीनों युवक नवरात्रि में सोमवार देर रात बाइक से दौदे से पलारी आ रहे थे। इसी दौरान पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रेम धीवर की बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, राज धीवर और खिलेश्वर धीवर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया था।

रायपुर में 2 युवकों की मौत

राज धीवर और खिलेश्वर धीवर का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार को इलाज के तीसरे दिन दोनों की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। देर रात शव गांव लाए गए। आज (गुरुवार) मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Exit mobile version