रायगढ़ जिले में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर सितंबर 2024 से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हो गई और उसने शादी करने के लिए कहा, तो युवक ने इनकार कर दिया।

इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना खरसिया चौकी क्षेत्र की है।

घूमने के बहाने जंगल ले गया, शादी का दिया भरोसा

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बुधवार को खरसिया चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि सितंबर 2024 में उसकी पहचान खरसिया के अटल आवास क्षेत्र में रहने वाले छोटू राजपूत (30) से हुई थी। दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत करने लगे।

पीड़िता के अनुसार, 22 सितंबर 2024 को आरोपी उसे घूमने के बहाने घर से ले गया और खरसिया के जंगल की ओर पहुंचा। वहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी आरोपी उससे मिलता रहा और शारीरिक संबंध बनाता रहा।

गर्भवती होने पर शादी से किया इनकार

पीड़िता को जब गर्भवती होने की जानकारी मिली, तो उसने आरोपी को बताया और शादी करने के लिए कहा। आरोप है कि पहले आरोपी टालमटोल करता रहा, फिर उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

POCSO एक्ट के तहत केस, आरोपी जेल भेजा गया

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 64(2)(उ) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version