जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में गुरुवार रात दुर्गा उत्सव मेले के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में गुरुवार रात दुर्गा उत्सव मेले के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई। इसमें क्रेमराज यादव और करण यादव घायल हो गए। क्रेमराज के सिर पर गंभीर चोट आई है। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मेला घूमने आए युवकों से विवाद के बाद हमला

जानकारी के अनुसार, ग्राम खपरीडीह निवासी क्रेमराज यादव अपने दोस्त करण यादव के साथ शिवरीनारायण में दुर्गा उत्सव और मेला घूमने आया था। इसी दौरान कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बीच एक युवक ने जेब में रखे चाकू जैसे हथियार से दोनों पर हमला कर दिया।

हमले में दोनों युवक घायल हो गए। क्रेमराज के सिर पर गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, इलाज जारी

घटना की सूचना मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

चार संदिग्ध हिरासत में, हमले की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस ने मामले में चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। जांच के बाद ही हमले के कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version