राजधानी रायपुर में पिता ने गुस्से में अपनी 6 महीने की बेटी को दो बार जमीन पर पटक दिया

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर में पिता ने गुस्से में अपनी 6 महीने की बेटी को दो बार जमीन पर पटक दिया। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां वेंटिलेटर पर उसका इलाज चल रहा है।

डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची की हालत गंभीर है। घटना पत्नी के मायके जाने की बात पर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आशीष कावरिया की उम्र करीब 20 साल है। वह पत्नी और बेटी के साथ बीएसयूपी कॉलोनी में रहता था। दोनों ने आपसी सहमति से अंतरजातीय विवाह किया था। शादी के बाद से ही उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

14 अक्टूबर को पत्नी अपने मायके चली गई थी। इसके बाद रात में आरोपी उसे लेने ससुराल पहुंचा। पत्नी को वापस घर ले जाने की बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, पत्नी के मायके जाने से आरोपी नाराज था।

गुस्से में बेटी को दो बार जमीन पर पटका

विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी 6 महीने की बेटी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भी वह नहीं रुका और बच्ची को दोबारा जमीन पर पटक दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और हालत बिगड़ गई।

बच्ची की मां उसे अस्पताल लेकर पहुंची। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची वेंटिलेटर पर है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

हत्या की कोशिश का केस दर्ज, आरोपी जेल भेजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी पिता के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 109 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

शिशु के सिर में चोट लगना जानलेवा हो सकता है

6 महीने के शिशु का सिर और गर्दन बेहद नाजुक होते हैं। इस उम्र में सिर पर गंभीर चोट लगने से दिमाग को नुकसान पहुंच सकता है और जान का खतरा भी हो सकता है। ऐसे में बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसका इलाज जारी है।

Exit mobile version