
पहली घटना 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबे के सामने हुई। ग्राम टेरम निवासी सूरज राठिया (24) वहां से जा रहे थे। इसी दौरान काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। पीछे बैठे युवक ने उनकी जेब से आईफोन छीन लिया। इसके बाद तीनों रायगढ़ रोड की ओर भाग गए।
सूरज ने 18 अक्टूबर को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर लूटपाट
दूसरी घटना 16 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे घरघोड़ा बाईपास पर हनुमान ईंट भट्ठे के सामने हुई। बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह (33) अपने वाहन से जा रहे थे। तभी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों ने ट्रेलर को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने चाकू दिखाकर चालक को नीचे उतारा और हाथ-मुक्कों, बेल्ट से मारपीट की। उन्होंने 5 हजार रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर आरोपियों ने चालक का रेडमी मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 3 हजार रुपए और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। जाते समय आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
रंजीत ने 18 अक्टूबर को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी
पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच करते हुए सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने समीर महंत उर्फ पप्पू के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। समीर घरघोड़ा के फोकटपारा का रहने वाला है और फिलहाल फरार है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया था। वे मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस ने पहचान परेड कराई, जिसमें पीड़ितों ने दोनों आरोपियों की पहचान की।
आईफोन और बाइक जब्त
पुलिस ने सुरेन्द्र चौहान से वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर बाइक और उसकी चाबी जब्त की। वहीं, सुमेष प्रधान से सफेद रंग का आईफोन बरामद किया गया। तीसरे आरोपी समीर महंत की तलाश जारी है। ट्रेलर चालक से लूटा गया मोबाइल, नकदी और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद होने की जानकारी पुलिस ने नहीं दी है।
SSP बोले- अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राहगीरों और वाहन चालकों से लूटपाट और मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।