बेमेतरा जिले में बिजली की अनियमित सप्लाई से किसान परेशान हैं

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा जिले में बिजली की अनियमित सप्लाई से किसान परेशान हैं। सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से धान की फसल सूखने लगी है। सोमवार को किसानों ने लोलेसरा स्थित बिजली सब-स्टेशन का घेराव कर विरोध जताया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मिथिलेश वर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।

किसानों का कहना है कि बिजली की समस्या को लेकर पहले भी आंदोलन किया गया था। तब तीन दिन में 18 घंटे बिजली देने का वादा किया गया था, लेकिन पांच दिन बाद भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। कम वोल्टेज और अनियमित सप्लाई के कारण खेतों में सिंचाई पंप नहीं चल पा रहे हैं।

लोलेसरा सब-स्टेशन से जुड़े करीब 5 से 6 गांवों के किसान इस समस्या से जूझ रहे हैं। खेती के अहम समय में सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से फसल पर असर पड़ रहा है। किसानों ने बिजली विभाग से नियमित और पर्याप्त बिजली सप्लाई की मांग की।

तहसीलदार और बिजली विभाग के अधिकारी पहुंचे

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा और विद्युत विभाग की जूनियर इंजीनियर नूतन कुमारी देशलहरे सहित विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग रखी।

अधिकारियों ने मौजूदा बिजली शेड्यूल के अलावा प्रतिदिन दो घंटे अतिरिक्त बिजली देने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

पहले भी मिला था आश्वासन

किसानों का कहना है कि पहले भी बिजली आपूर्ति बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन पांच दिन बाद भी समस्या दूर नहीं हुई। ऐसे में अब प्रतिदिन दो घंटे अतिरिक्त बिजली देने का आश्वासन कितना कारगर होगा, यह आने वाले दिनों में पता चलेगा। फिलहाल किसानों को उम्मीद है कि बिजली सप्लाई सुधरेगी और धान की फसल को समय पर सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा।

Exit mobile version