
मतदान के लिए 744 केंद्र बनाए गए हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, जानकारी में सुधार कराने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक आवेदन किया जा सकता है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम और प्रारंभिक प्रकाशन की जानकारी दी गई। प्रशासन ने बताया कि सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या दर्ज जानकारी में सुधार के लिए तय प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकता है। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 3 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को होगा।
चार निकायों के 170 वार्डों में 744 मतदान केंद्र
प्रारंभिक मतदाता सूची में नगर निगम भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा के साथ नगर पालिका परिषद जामुल के मतदाताओं के नाम शामिल हैं। इन चारों निकायों में कुल 170 वार्ड हैं, जहां मतदान के लिए 744 केंद्र बनाए गए हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 5,07,704 है।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को 23 अक्टूबर को प्रकाशित प्रारंभिक सूची के आंकड़ों की जानकारी दी गई। साथ ही 21 फरवरी 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद दर्ज मतदाताओं और 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति में पूरक मतदाताओं की संख्या से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई।
राजनीतिक दलों को दी गई सूची की प्रतियां
बैठक में चुनाव के लिए नियुक्त रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अतिरिक्त रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की जानकारी दी गई। मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों के बारे में भी बताया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सुझाव लिए गए और उनकी शंकाओं का समाधान किया गया।
बैठक के बाद प्रतिनिधियों को प्रारंभिक मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी गईं, ताकि वे सूची का निरीक्षण कर सकें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नाम और अन्य जानकारियां जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है या कोई जानकारी गलत दर्ज है, तो 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से पहले आवेदन करें।