
टंकी पर चढ़ा भालू, देखने जुटी भारी भीड़,
मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम बिरगुड़ी में एक बड़ा भालू अचानक पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गया। टंकी पर इतनी ऊंचाई पर भालू को देख आसपास के लोग हैरान रह गए और उसे देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थिति यह हो गई कि वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खास बात यह है कि जिस पानी की टंकी पर भालू चढ़ा था, उसके ठीक पास ही बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र का कार्यालय भी स्थित है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत हरकत में आए और मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों से अपील की कि वे भालू से सुरक्षित दूरी बनाकर रखें, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भालू काफी देर तक पानी की टंकी के ऊपर ही डटा रहा। वन विभाग की टीम की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार वह नीचे उतरा। टंकी से उतरने के बाद वह सीधे वन विभाग के कार्यालय परिसर और आवासीय कॉलोनी की ओर बढ़ गया। रिहायशी इलाके में भालू की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, कुछ देर बाद वह कॉलोनी से निकलकर सुरक्षित रूप से खेतों की तरफ भाग निकला, जिसके बाद स्थानीय लोगों और वन प्रशासन ने राहत की सांस ली।