
प्रदेश के 164 नर्सिंग कॉलेजों में इस साल दाखिला होना है। इनमें से 149 को मान्यता मिल चुकी है, जबकि 15 कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया अब भी जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, बाकी 15 कॉलेजों को भी इसी सप्ताह मान्यता मिलने की उम्मीद है।
ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण मान्यता में देरी
इस साल छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल (सीजीएनआरसी) ने कॉलेजों की मान्यता की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है। इसके तहत कॉलेजों को ऑनलाइन आवेदन करना होता है। इसके बाद काउंसिल की टीम कॉलेज का निरीक्षण कर जरूरी जानकारी ऑनलाइन अपलोड करती है।
नई व्यवस्था की शुरुआत में कॉलेजों ने आवेदन करने में देरी की। इसका असर मान्यता जारी करने की प्रक्रिया पर पड़ा। इसी वजह से सभी कॉलेजों की मान्यता समय पर पूरी नहीं हो सकी।
इस साल खुले 12 नए नर्सिंग कॉलेज
प्रदेश में इस साल 12 नए नर्सिंग कॉलेज शुरू हुए हैं। इनमें 9 सरकारी और 3 प्राइवेट कॉलेज शामिल हैं। सभी कॉलेजों को हर शैक्षणिक सत्र के लिए मान्यता लेना जरूरी है।
तय सीटों से ज्यादा एडमिशन पर कॉलेज होंगे जिम्मेदार
नर्सिंग कॉलेजों को इंडियन नर्सिंग काउंसिल से मंजूर सीटों के अनुसार ही एडमिशन देना होगा। तय संख्या से ज्यादा विद्यार्थियों को प्रवेश देने पर संबंधित कॉलेज जिम्मेदार होंगे।
कॉलेजों में उपलब्ध सुविधाओं और उनकी क्षमता के आधार पर सीटों को मंजूरी दी जाती है। विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति भी स्वीकृत सीटों के हिसाब से ही मिलेगी।