
छात्रा ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि प्रोफेसर पहले भी उससे अश्लील बातें करता था। 25 सितंबर को उसने टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो भेजा था।
वहीं महासमुंद जिले के ग्राम अछोला के सरकारी हाईस्कूल में 9वीं की छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया था।
आरोपी प्रभारी प्रिंसिपल और लेक्चरर जीवनलाल देवांगन को सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर स्कूल में शराब पीने का आरोप भी है।तुमगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर 10 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।
केस 1, प्रोफेसर ने टेलीग्राम में भेजा अश्लील वीडियो
पुलिस के अनुसार मंगलवार को कांकेर कृषि कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा ने बताया कि कॉलेज में पदस्थ प्रोफेसर पीयूष कांत नेताम (49) ने 25 सितंबर को टेलीग्राम में उसे एक वीडियो भेजा।
अश्लील वीडियो होने के कारण छात्रा ने उसे बंद कर दिया। छात्रा ने बताया कि आरोपी पहले भी उससे अश्लील बातें करता था, लेकिन प्रोफेसर होने की वजह से छात्रा पहले आरोपी की हरकतों को नजरअंदाज करती रही।
प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी देता था
इसके बाद आरोपी प्रोफेसर छात्रा को प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी देकर परेशान करता रहा। अश्लील वीडियो भेजने और धमकी से परेशान होकर छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया आरोपी
छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपी कोंडागांव जिले का रहने वाला है। उसके खिलाफ BNS की धारा 75(2), 75(3), 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
केस 2, छात्रा से अश्लील हरकत, प्रिंसिपल सस्पेंड
शिकायत के मुताबिक, महासमुंद के अछोला के सरकारी हाईस्कूल में जीवनलाल देवांगन प्रभारी प्रिंसिपल और लेक्चरर है। 10 अक्टूबर शनिवार को पितृ पक्ष के आखिरी दिन स्कूल में आधे दिन बाद छुट्टी हो गई थी। ज्यादातर बच्चे घर जा चुके थे।
इसी दौरान प्रभारी प्रिंसिपल ने सभी स्टाफ को छुट्टी दे दी। इसके बाद प्रिंसिपल ने 9वीं की छात्रा को अपने ऑफिस में बुलाया और उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की। घटना के समय स्कूल का ज्यादातर स्टाफ वहां मौजूद नहीं था।
घटना के बाद सफाई कर्मचारी जब प्रिंसिपल के ऑफिस में ताला लगाने पहुंचा तो उसने छात्रा को रोते हुए देखा। इसके बाद छात्रा वहां से रोते हुए अपने घर पहुंची। बेटी को रोता देख मां ने उससे कारण पूछा तो छात्रा ने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया।
मामले को दबाने के लिए छात्रा के घर पहुंचने का आरोप
घटना के कुछ समय बाद प्रभारी प्रिंसिपल भी छात्रा के घर पहुंच गए। उन्होंने मामले को रफा-दफा करने की बात कही। इससे नाराज छात्रा की मां ने प्रिंसिपल को थप्पड़ भी मारे। विवाद बढ़ने पर आसपास के ग्रामीण भी वहां पहुंच गए।
कुछ ग्रामीण प्रिंसिपल के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गए, लेकिन दूसरे लोगों ने उन्हें समझाया और पुलिस को सूचना देने की बात कही। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी और आरोपी प्रिंसिपल को तुमगांव थाने ले गए।
प्रिंसिपल पर स्कूल परिसर में शराब पीने का आरोप भी लगा है। पुलिस ने उनका ब्रेथ एनालाइजर से टेस्ट कराया था। शिकायत करने वालों का दावा है कि जांच में उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई थी।