
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुनकुनी का रहने वाला भागीरथी पटेल (42) गांजा लेकर गांव पहुंचने वाला है। वह गांव में गांजा बेचने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कुनकुनी में योगेश चिकन सेंटर के पास घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में भागीरथी ने बताया कि वह गांजा बेचने के लिए गांव लाया था। पुलिस ने उसके पास रखे थैले की तलाशी ली तो उसमें करीब 90 हजार रुपए का गांजा मिला। पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
4 दिन में गांजा तस्करी पर दूसरी कार्रवाई
खरसिया क्षेत्र में गांजा की अवैध बिक्री रोकने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। पिछले 4 दिनों में यह दूसरी कार्रवाई है।
इससे पहले पुलिस ने छोटे देवगांव में मोहनलाल गुप्ता को 2.50 लाख रुपए के गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। उसके पास से प्लास्टिक के बोरे में गांजे के 5 पैकेट मिले थे। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को जेल भेज दिया था।