
बैठक में निगम आयुक्त सुरुचि सिंह, अपर कलेक्टर लिली थॉमस, खेमलाल वर्मा और अनुविभागीय दंडाधिकारी सोनल डेविड मौजूद रहे। इस दौरान मतदाता सूची में सुधार के लिए मिले आवेदनों, परिशिष्ट-15 और अन्य आपत्तियों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि सभी पांच जोनों में मिले आवेदनों की जांच के बाद नियमों के अनुसार सुधार किया गया है।
बाकी आपत्तियों का 3 दिन में होगा निराकरण
सभी जोनों में जोन आयुक्त, सहायक निर्वाचन अधिकारी और बूथ स्तर के कर्मचारियों ने आवेदनों की जांच कर सुधार किए हैं। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को किए गए सुधारों की जानकारी दिखाई गई। प्रतिनिधियों ने इस पर संतुष्टि जताई। वहीं, बाकी आपत्तियों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
अधिकारियों को इन मामलों में जरूरी सुधार अगले 3 दिनों के भीतर करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, 3 नवंबर तक मिले बाकी दावा-आपत्तियों का निराकरण 6 नवंबर तक किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवेदनों की जांच कर जल्द कार्रवाई करने को कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची को सही और अपडेट रखने के लिए यह काम प्राथमिकता से किया जा रहा है।