छत्तीसगढ़ में अब रात के तापमान में गिरावट होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में अब रात के तापमान में गिरावट होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठंड बढ़ेगी। हालांकि, इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को रायपुर और माना में सबसे ज्यादा 31.7 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में रात का तापमान सबसे कम 12.1 डिग्री रहा।

रायपुर में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने 8 नवंबर को शहर में आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रह सकता है।

अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड

प्रदेश के दूसरे शहरों में भी रात के तापमान में अंतर देखने को मिला। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री दर्ज किया गया। दुर्ग में 15.8, पेंड्रारोड में 14.8, बिलासपुर में 16.8 और माना में 17.2 डिग्री तापमान रहा। जगदलपुर में रात का तापमान 19.3 डिग्री दर्ज किया गया।

एक सप्ताह में अंबिकापुर का पारा 6.2 डिग्री लुढ़का

छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह के दौरान रात के तापमान में गिरावट आई है। 1 से 7 नवंबर के बीच अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.3 से घटकर 12.1 डिग्री पर पहुंच गया। यानी यहां सबसे ज्यादा 6.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

वही पिछले 1 सप्ताह में बिलासपुर में 3.6 डिग्री, माना में 3.2 डिग्री, जगदलपुर में 2.9 डिग्री और दुर्ग में 2.8 डिग्री पारा गिरा। वहीं रायपुर में रात का तापमान 2.1 डिग्री कम हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में भी न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है।

Exit mobile version