छत्तीसगढ़ के 3 शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय सम्मान मिलने जा रहा है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के 3 शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय सम्मान मिलने जा रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है।

11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।

इस उपलब्धि में सफाई कर्मचारियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों और शहर के लोगों की भागीदारी को अहम माना गया है। खास बात यह है कि पुरस्कार लेने के लिए हर शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर बुलाया जाएगा।

इनमें सफाई मित्र, स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और स्वच्छता मिशन से जुड़े अधिकारी शामिल हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, बोले- पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीनों शहरों के चयन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का सम्मानित होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान उन सफाई मित्रों की मेहनत का भी है, जो रोज शहरों को साफ रखने के लिए काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी शहरों में सफाई की बेहतर व्यवस्था हो और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिले।

सफाई मित्रों को भी मिलेगा सम्मान का मौका

राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों को विशेष महत्व दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्रालय ने राज्य और चयनित शहरों के प्रतिनिधिमंडल में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों और अभियंताओं को शामिल करने के लिए कहा है।

हर शहर से चार प्रतिनिधि मंच पर जाकर पुरस्कार ग्रहण करेंगे। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।

अरुण साव बोले- दूसरे शहरों को भी मिलेगी प्रेरणा

उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के तीन शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना उत्साहजनक है। यह स्थानीय निकायों की सक्रियता, सफाई कर्मचारियों की मेहनत और नागरिकों के सहयोग का नतीजा है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सर्वेक्षण या किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे शहरों की रोजमर्रा की कार्यप्रणाली और लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। तीनों शहरों को मिलने वाला सम्मान प्रदेश के दूसरे नगरीय निकायों को भी बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करेगा।

इस बार सर्वेक्षण की थीम- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसका उद्देश्य सफाई व्यवस्था में प्रशासन के साथ आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना है। केंद्र सरकार के इस सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण है।

Exit mobile version