
घटना के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, रियापारा चांदामारी के रूखसार खान (30) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दीपावली की रात उनके छोटे बच्चे घर के आंगन में पटाखे फोड़ रहे थे।
इसी दौरान रामभांठा निवासी रहमत अली अपने तीन साथियों के साथ शराब के नशे में वहां पहुंचा और घर के आंगन में पटाखे फोड़ने लगा। रूखसार ने उसे पटाखे फोड़ने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना।इसके बाद रहमत ने उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। यह देखकर रूखसार का भतीजा अरमान खान और भाई रिहान खान बीच-बचाव करने पहुंचे।
युवक ने घर के अंदर छिपकर बचाई जान
इसके बाद रहमत अली और उसके साथियों ने रिहान के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। रूखसार और उसका भतीजा बीच-बचाव करने पहुंचे तो रहमत अली ने अपने पास रखे चाकू से महिला के पैर पर वार कर दिया। इससे वह घायल हो गई। इसके बाद रहमत और उसके साथियों ने रिहान को मारने के लिए दौड़ाया। रिहान ने घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई।
आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज
घटना को अंजाम देकर रहमत व उसके साथी वहां से फरार हो गया। रूखसार ने बताया कि उसे पैर में रिहान व उसके भतीजा अरमान को भी मारपीट से चोट पहुंची।
घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।