
नगर निगम के अतिक्रमण निवारण दस्ते ने यह कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए 24 ठेला-गुमटियों को हटाया गया। वहीं, स्थायी निर्माण कर संचालित किए जा रहे 13 ठेले जब्त किए गए।
सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। खासकर शाम के समय इस सड़क पर लोगों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए निगम की टीम ने कार्रवाई की।
रामनिवास टॉकीज से स्टेशन चौक तक भी कार्रवाई की मांग
लोगों का कहना है कि नगर निगम को रामनिवास टॉकीज चौक से पुराना शनि मंदिर और स्टेशन चौक तक भी अतिक्रमण हटाना चाहिए। यह शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल है। यहां सड़क पर अतिक्रमण होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
अतिक्रमण करने वालों पर लगातार होगी कार्रवाई
नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है। लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने व्यापारियों और ठेला संचालकों से सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक जगहों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। साथ ही यातायात व्यवस्था और शहर की सफाई बनाए रखने में सहयोग करने को कहा।